राज्य में अपराधियों का तांडव, पुलिस बनी है मूकदर्शक: बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की विफलता पर कड़ी चिंता व्यक्त की। उन्होंने रांची के कटहल मोड़ पर सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर हुई दिनदहाड़े गोलीबारी का उदाहरण देते हुए कहा कि अपराधी खुलेआम तांडव मचा रहे हैं और पुलिस-प्रशासन निष्क्रिय हैं। मरांडी ने तत्काल अपराधियों की गिरफ्तारी और राज्य में सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की सरकार से मांग की।

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में लगातार बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी रांची के कटहल मोड़ पर दिनदहाड़े सीमेंट कारोबारी राधेश्याम साहू पर हुई गोलीबारी ने यह साबित कर दिया है कि राज्य में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है। अपराधी खुलेआम तांडव मचा रहे हैं, जानलेवा हमले और गोलीबारी कर व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं लेकिन हमारा पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

मरांडी ने कहा कि लगातार कारोबारियों पर हो रहे हमलों से व्यावसायिक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है। हालात इतने वीभत्स हो गए हैं कि झारखंड में अब कारोबार करना खतरे से खाली नहीं रहा। जब राजधानी ही असुरक्षित है, तो प्रदेश के बाकी हिस्सों  की स्थिति का अंदाज़ा सहज ही लगाया जा सकता है। धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर जैसे शहरों में अपराधी भयादोहन करने लिये फायरिंग कर आतंक पैदा किये हुंए हैं। व्यवसायी से लेकर डाक्टर तक भयादोहन के शिकार बनाये जा रहे हैं। ऐसा लगता है इस धंधें का हिस्सेदार भी पुलिस और सत्ता में बैठे लोग हैं। हेमंत सरकार जनता को सुरक्षा प्रदान करने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। कानून व्यवस्था संभालने के बजाय पुलिस वसूली में व्यस्त है। अपराधियों को कांड करने की खुली छूट मिली हुई है, जिससे आम जनता और व्यापारी वर्ग भयभीत हैं। उन्होंने तत्काल अपराधियों की गिरफ्तारी और प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की राज्य सरकार से मांग की। सरकार और प्रशासन ने अब भी होश नहीं संभाला, तो झारखंड में व्यवसाय करना दूभर हो जाएगा।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More