बाबूलाल मरांडी ने राज्य में बढ़ते अपराध और अपराधियों की हिम्मत पर राज्य सरकार पर साधा निशाना

झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में बढ़ती अपराध और वसूली के मामलों पर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और रांची तक विदेश में छिपे अपराधी के नाम पर वसूली का धंधा चल रहा है। मरांडी ने सरकार से तत्काल कार्रवाई और अपराधियों को सलाखों के पीछे डालने की चेतावनी दी।

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में बढ़ते अपराध और अपराधियों की हिम्मत पर राज्य सरकार को निशाने पर लिया। मरांडी ने कहा कि झारखंड में ‘लेवी’ (वसूली) का धंधा बेलगाम हो चुका है। धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और अब हमारी राजधानी रांची तक, एक कथित अपराधी, जो विदेशों में छिपा बैठा है, उसके नाम पर दहशत का कारोबार चल रहा है। उनके हालिया क्षेत्र भम्रण के दौरान, बोकारो, जमशेदपुर, धनबाद और कई अन्य जगहों के लोगों ने इस आतंक से अपनी आप-बीती सुनाई। कई प्रमुख व्यापारियों ने दबी जुबान में बताया कि उनसे 5 से 10 करोड़ रुपये तक की मांग की गई है, लेकिन डर के कारण वे अपना नाम बताने को भी तैयार नहीं हैं।

स्थिति की भयावहता इतनी कि अब रांची के एक प्रतिष्ठित और मशहूर डॉक्टर को भी करोड़ों रुपये की फिरौती के लिए धमकी दी गई है! क्या झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। यह राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न है। अगर राज्य सरकार चाहे तो विदेश में छिपे अपराधी को भी पकड़कर लाने में सक्षम है। अगर उसे पकड़ने में दिक्कत आ रही है, तो कम से कम राज्य में बैठे उसके गुर्गों को तुरंत गिरफ्तार करे।

उन्हें अब यह लगने लगा है कि या तो यह सारा गोरखधंधा मुख्यमंत्री और पुलिस के उच्चाधिकारियों के सीधे संरक्षण में चल रहा है, जिसके तहत वे जिसे चाहें धमकी दिलवा रहे हैं और वसूली करवा रहे हैं।या राज्य सरकार और पुलिस इतनी डरी हुई और कमजोर है कि इस आतंक के सामने पूरी तरह पंगु हो चुकी है, और कुछ भी नहीं कर रही है। राज्य के व्यापारी और डॉक्टर आज खौफ के साए में जी रहे हैं। मरांडी ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ राज्य सरकार तत्काल कार्रवाई करे, अपराधियों को सलाखों के पीछे डाले ,अन्यथा विपक्ष यह मानकर चलेगा कि यह ‘वसूली का धंधा’ सरकार की मिलीभगत से चल रहा है

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More