भागलपुर की तर्ज पर साहिबगंज स्टेशन पर भी शुरू हो स्लीपिंग पॉड की सुविधा: भूलन दुबे
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के भागलपुर रेलवे स्टेशन पर ‘स्लीपिंग पॉड’ की सुविधा शुरू होने के बाद अब वेटरन्स इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह सामाजिक कार्यकर्ता भूलन दुबे ने रेलवे विभाग से साहिबगंज स्टेशन पर भी ऐसी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।
भूलन दुबे ने कहा कि भागलपुर अब मालदा मंडल का पहला स्टेशन बन गया है जहां यात्रियों के लिए 24×7 आरामदायक ठहराव की सुविधा शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि साहिबगंज भी एक व्यस्त रेलवे जंक्शन है और यहां भी बड़ी संख्या में यात्रियों को कनेक्टिंग ट्रेनों के इंतजार में रातभर रुकना पड़ता है। ऐसे में यहां भी स्लीपिंग पॉड की सुविधा अति आवश्यक है।
भागलपुर में शुरू हुई इस सुविधा के तहत यात्रियों को कुछ घंटों के लिए सुरक्षित और साफ-सुथरा ठहरने की जगह मिलेगी। इन पॉड में एयर-कंडीशनिंग, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, रीडिंग लाइट और सुरक्षित लॉक जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। यह सुविधा खासकर छात्रों, मरीजों, वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी।
भूलन दुबे ने कहा कि भागलपुर में स्लीपिंग पॉड शुरू होना यात्री सुविधाओं की दिशा में सराहनीय कदम है। साहिबगंज स्टेशन से भी हजारों यात्री रोजाना सफर करते हैं। यहां भी एयरपोर्ट लाउंज जैसी आधुनिक पॉड-आधारित आवास सुविधा शुरू की जानी चाहिए, ताकि प्रतीक्षा के दौरान यात्रियों को परेशानी न हो।
उन्होंने रेल अधिकारियों से आग्रह किया कि यात्री अनुभव बेहतर बनाने की इस पहल को साहिबगंज स्टेशन तक भी विस्तार दिया जाए। उल्लेखनीय है कि स्लीपिंग पॉड की सुविधा शुरू होने के बाद भागलपुर अब देश के उन चुनिंदा रेलवे स्टेशनों में शामिल हो गया है जहां इस तरह की आधुनिक सुविधा उपलब्ध है।




