मनरेगा के नाम बदलाव पर धरना-प्रदर्शन, कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

साहिबगंज : कांग्रेस जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकतुल्लाह खान के नेतृत्व में जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मनरेगा का नाम बदलने व योजना के कमजोर करने के खिलाफ एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। मौके पर जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने कहा की मनरेगा ऐसा क्रांतिकारी कानून था, जिसने करोड़ों ग्रामीण और गरीब परिवारों को रोजगार का कानूनी हक़ दिया, ग्राम पंचायतों को ताक़त दी और गाँव के विकास को तेज़ किया, लेकिन आज मोदी सरकार ने मनरेगा की रीढ़ तोड़ दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाया, नियमावली में मनमानी की और नाम में फेर-बदल कर किसानों-मज़दूरों के रोजगार अधिकार पर प्रहार किया।
यह सिर्फ किसी योजना का बदलाव नहीं, बल्कि गरीब भाई-बहनों के अधिकारों पर हमला है।
राजमहल प्रखंड उपाध्यक्ष मोहम्मद सिफरान अख्तर ने कहा कि हम 20 साल से चल रही इस योजना को गरीबों का अधिकार बनाकर रखने के लिए लड़ते रहे हैं और लड़ते रहेंगे। काले कानून के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी रहेगा। गरीबों की लड़ाई कोई रोक नहीं सकता। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और सोनिया गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। साथ ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, मजदूर विरोधी केंद्र सरकार हाय-हाय, मनरेगा रोजगार गारंटी वापस लाओ के नारे भी लगाए गए।
मौके पर साहिबगंज जिला उपाध्यक्ष बासुकीनाथ यादव, उपाध्यक्ष मोहम्मद कलीमुद्दीन, बरहरवा प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, राजमहल प्रखंड महासचिव निहाल अख्तर, राजमहल प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र प्रसाद ठाकुर, राजमहल प्रखंड उपाध्यक्ष मोहम्मद सिफरान अख्तर सहित अन्य कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


