Shravani Mela 2026: पहली सोमवारी पर सूचना सह सहायता केंद्र और मातृत्व विश्राम गृह बने श्रद्धालुओं का सहारा

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की पहली सोमवारी पर बाबा नगरी देवघर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित करने के लिए मेला क्षेत्र में स्थापित 34 सूचना सह सहायता केंद्र और 10 मातृत्व विश्राम गृह पूरी तरह सक्रिय रहे। इन केंद्रों पर तैनात कर्मियों ने ‘सेवा ही संकल्प’ की भावना को चरितार्थ करते हुए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग प्रदान किया।
पहली सोमवारी के दौरान सूचना सह सहायता केंद्रों के माध्यम से हजारों कांवरियों को मार्गदर्शन, खोए-पाए सामान की जानकारी, मानवीय सहायता तथा बाबा मंदिर में सुलभ जलार्पण से जुड़ी आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं। आधुनिक तकनीक और बेहतर संचार व्यवस्था से लैस इन केंद्रों ने अपनों से बिछड़े श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई, जिससे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।
महिला कांवरियों, धात्री माताओं और शिशुओं की सुविधा के लिए संचालित 10 मातृत्व विश्राम गृहों में पहली सोमवारी के अत्यधिक दबाव के बावजूद महिला कर्मियों ने संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ कार्य किया। यहां महिला श्रद्धालुओं को विश्राम, नवजात शिशुओं के लिए दुग्धपान तथा आवश्यक प्राथमिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
मेला क्षेत्र में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं को लेकर महिला श्रद्धालुओं ने सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। बिहार से आईं अंजू बम तथा धनबाद की बिन्नी बम ने कहा कि लंबी और थकाऊ यात्रा के बाद मातृत्व विश्राम गृह की सुविधा किसी वरदान से कम नहीं है। वहीं, छोटे बच्चों के साथ यात्रा कर रहीं अंजू बम और संजू बम ने बच्चों के लिए दूध की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने मां और बच्चे दोनों की जरूरतों का पूरा ध्यान रखा।


