गोला के सोसो कलां और सोसो खुर्द में नल-जल योजना ठप, एक सप्ताह से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण
1-1024x614.jpeg)
गोला: सरकार की महत्वाकांक्षी घर-घर नल-जल योजना गोला प्रखंड के सोसो कंला सोसो खुर्द गांव में दम तोड़ती नजर आ रही है। बीते एक सप्ताह से जलमीनार से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद है, जिससे ग्रामीणों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने को विवश हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि जलापूर्ति बंद होने का मुख्य कारण जलमीनार का मोटर जल जाना है। वहीं सोसो कलां सोसो खुर्द टोला में लगे चार चापाकल वर्षों से खराब पड़े हैं। इतना ही नहीं, विद्यालय के समीप स्थापित मिनी जलमीनार भी लंबे समय से बंद है। इसके कारण लोगों को दूसरे घरों और दूर-दराज के स्रोतों से पानी मांगकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले विद्यालय खुला रहने पर वहां से किसी तरह पानी की व्यवस्था हो जाती थी, लेकिन गर्मी की छुट्टियों के कारण विद्यालय बंद है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं कि किसी भी गांव में पेयजल संकट नहीं होना चाहिए। इसके बावजूद संबंधित विभाग और अधिकारियों की उदासीनता साफ दिखाई दे रही है। खराब पड़े चापाकलों और जलमीनार की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार की खराबी और पेयजल संकट की पूरी जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई है। विभागीय टीम के आने के बाद ही मरम्मत कार्य संभव हो पाएगा। मानसून दस्तक देने के करीब है, लेकिन यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों ने अविलंब जलापूर्ति बहाल करने तथा खराब शौर उर्जा एवं चापाकलों की मरम्मत की मांग की है।


