Sahibganj News : मॉडल कॉलेज राजमहल में ‘विश्व मानवाधिकार दिवस’ गरिमामय माहौल में मनाया गया

साहिबगंज : मॉडल कॉलेज राजमहल में ‘विश्व मानवाधिकार दिवस’ बड़े ही गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम की शुरुआत में वक्ता डॉ. रमजान अली ने ‘विश्व मानवाधिकार दिवस’ के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानवाधिकार सिर्फ अपने अधिकारों की बात नहीं है, बल्कि दूसरे के अधिकारों का सम्मान करना भी उतना ही आवश्यक है।
डॉ. अमित कुमार ने अपने संबोधन में राइट टू डिस्कनेक्ट बिल का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक समय में यह विधेयक व्यक्ति की गरिमा और मानसिक स्वतंत्रता की रक्षा करता है। डॉ. विवेक कुमार महतो ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध होना भी अत्यंत आवश्यक है, तभी समाज में संतुलन और सद्भाव बना रह सकता है। वहीं, अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि मानवाधिकार दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि प्रतिदिन अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने का संदेश है।
हमें किसी की गरिमा को ठेस पहुँचे बिना अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। आगे उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। यह दिवस हमें अपने अधिकारों की रक्षा और दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में अजय सोनी, मोहन सिंह, प्रकाश महतो, कर्मु, बबलू, उषा, स्नेहा, असगर, स्मृति सहित दर्जनों विद्यार्थी उपस्थित थे। अंत में सभी ने मानवाधिकार संरक्षण का संकल्प लिया।


