Sahibganj News: श्रावण मेला 2026: एसडीओ सदानंद महतो ने मोतीझरना धाम का किया निरीक्षण

साहिबगंज: तालझारी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मोतीझरना धाम में पवित्र श्रावण मास मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो ने मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं के लिए की गई पेयजल, शौचालय, विश्राम गृह, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से जांच की। इसके बाद उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और मेला समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सदानंद महतो ने कहा कि श्रावण मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने, मेला अवधि में लगातार निगरानी रखने और किसी भी समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। प्रशासन ने स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने की भी अपील की है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।


