Sahibganj News: मनरेगा में अब 125 दिन रोजगार की गारंटी, तालझारी में वीबीजीवाई योजना पर कार्यशाला आयोजित

साहिबगंज : साहिबगंज प्रखंड कार्यालय तालझारी के सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी राम प्रसाद सुमन की अध्यक्षता में “वीबीजीआरवाई – वीबीजी राम जी” योजना के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी पंचायतों के मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और कनीय अभियंता उपस्थित रहे।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को योजना की पृष्ठभूमि, नए प्रावधानों, संस्थागत ढांचे और व्यावहारिक कार्यान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए प्रावधानों के तहत अब सरकार द्वारा श्रमिकों को एक वर्ष में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है।
आगे उन्होंने बताया कि जल सुरक्षा, ग्रामीण संरचना, आजीविका संरचना और आपदा से बचाव के लिए राज्य सरकार ने वर्तमान में 4 श्रेणियों में कुल 58 प्रकार की योजनाओं पर कार्य करने की सहमति प्रदान की है। इन योजनाओं का चयन ग्राम सभा द्वारा नियमानुसार किया जाएगा और इन्हें “युक्तधारा” पोर्टल के माध्यम से क्रियान्वित किया जाएगा।
प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि 17 अगस्त से 20 अगस्त तक यह प्रशिक्षण प्रखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी आयोजित किया जाएगा। इसमें मेट, वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान और आम ग्रामीणों को योजना और उससे जुड़ी 58 योजनाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी, ताकि योजना का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच सके। कार्यक्रम के अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी मुखिया, सचिव और रोजगार सेवकों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और समय पर काम शुरू कराने के निर्देश दिए।


