Sahibganj News: प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह का पीरपैंती +2 विद्यालय में भव्य स्वागत

साहिबगंज। साहिबगंज महाविद्यालय के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह का पीरपैंती बाजार स्थित +2 इंटर विद्यालय में भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय के शिक्षकों और साहिबगंज महाविद्यालय के पूर्व छात्र विवेक कुमार के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्राचार्य का अभिनंदन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और तालियों से गूंज उठा।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थी जीवन सीखने, अनुशासन और अपने लक्ष्य को निर्धारित कर उसे प्राप्त करने का सबसे महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन के साथ सकारात्मक सोच, मेहनत और आत्मविश्वास जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने सपनों को बड़ा रखें और साथ ही समाज व देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें।
प्राचार्य ने शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने की भी प्रेरणा दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। डॉ. सिंह का विद्यालय आगमन छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणादायक और सीखने का अनमोल अवसर रहा। उनके मार्गदर्शक शब्दों से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा।
विद्यालय परिवार ने प्राचार्य के आगमन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


