Sahibganj News: इंटरसिटी एक्सप्रेस में जुड़ेगा एसी 3-टियर कोच, 5 सितंबर से होगी शुरुआत

साहिबगंज: साहिबगंज से हावड़ा जाने वाले हजारों रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए 13428/13427, साहिबगंज-हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त एसी 3-टियर कोच स्थायी रूप से जोड़ने का फैसला लिया है। यह नई सुविधा 5 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी, जिसकी बुकिंग 2 सितंबर से शुरू हो चुकी है।
जनरल कोच की जगह लेगा एसी कोच
मालदा मंडल द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, ट्रेन में जोड़ा जा रहा यह नया वातानुकूलित कोच एक सामान्य श्रेणी के कोच की जगह लेगा। इससे इस व्यस्त रेल कॉरिडोर पर एसी सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और आरामदायक यात्रा की बढ़ती मांग पूरी हो सकेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस फैसले से साहिबगंज-हावड़ा रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त एसी आवास मिलेगा और यात्रा सुविधाओं में सुधार होगा।
लंबे समय से थी मांग
उल्लेखनीय है कि साहिबगंज-हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस इस क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाती है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, व्यापारी, नौकरीपेशा और मरीज इस ट्रेन से हावड़ा की ओर सफर करते हैं। भीड़ के कारण लंबे समय से अतिरिक्त एसी कोच की मांग की जा रही थी।
पंकज मिश्रा की पहल लाई रंग
इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता पंकज मिश्रा और राजमहल विधायक एमटी राजा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष औपचारिक रूप से यह मांग रखी थी, जिसे अब रेलवे ने पूरा कर दिया है। रेलवे के इस फैसले से त्योहारी सीजन से पहले एसी श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


