Sahebganj News: एसपी अमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी आयोजित

साहिबगंज के एसपी अमित कुमार सिंह ने पुलिस लाइन में मासिक अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सभी थाना प्रभारियों को मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। बैठक में आगामी मोहर्रम पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने और अवैध लॉटरी व गांजा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का खाका तैयार किया गया।

साहिबगंज: जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लाइन स्थित आरक्षी अधीक्षक कार्यालय सभागार में मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी हुई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने की। बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक और थाना प्रभारी मौजूद रहे।      

एसपी अमित कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के प्रति सतर्क, सक्रिय और जवाबदेह रहने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों पर लगातार निगरानी और घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने पर जोर दिया। 

आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए एसपी ने सभी थानों को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के आदेश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बैकअप प्लान तैयार रखने और मोहर्रम समितियों के सदस्यों की अपडेटेड सूची बनाने को कहा। जुलूस और धार्मिक आयोजनों में धार्मिक भावना आहत करने वाले गीत, आपत्तिजनक सामग्री या भड़काऊ गतिविधि पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया ताकि जिले में शांति और सौहार्द बना रहे।

मोटरसाइकिल चोरी, घरों में चोरी और अन्य अपराध रोकने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने को कहा गया। गश्ती के दौरान संदिग्धों की नियमित जांच, चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और सुनसान इलाकों में बेवजह घूमने वालों से पूछताछ के निर्देश दिए। हर गली-मोहल्ले में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और पहले से चोरी व अन्य अपराधों में शामिल लोगों का डाटा तैयार कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया। 

गोष्ठी में लंबित मामलों की समीक्षा हुई। एसपी ने अनुसंधान में तेजी लाने और लंबित केसों का समयबद्ध निष्पादन करने का आदेश दिया। कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए त्वरित कार्रवाई जरूरी है।आल वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और अवैध लॉटरी, जुआ, गांजा व अन्य अवैध कारोबारों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी अवैध धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा। जेल से छूटे अपराधियों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया ताकि अपराध की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

आरक्षी अधीक्षक ने आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय कर सूचना तंत्र मजबूत बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास से अपराध नियंत्रण में सफलता मिलेगी। भूमि विवाद के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर संभावित तनाव रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण और मोहर्रम पर्व की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More