Sahebganj News: उपाध्यक्ष पद को लेकर सियासी सरगर्मी तेज

बरहरवा: नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। 12 मार्च को होने वाले चुनाव को लेकर सभी की नजरें अब उपाध्यक्ष की कुर्सी पर टिक गई हैं। 14 वार्ड पार्षदों वाली बरहरवा नगर पंचायत में चुनाव परिणाम आने के बाद कई पार्षद इस पद के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, उपाध्यक्ष पद के लिए जिन नामों की चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है, उनमें राजकुमार भगत, रसीद शेख, संतोष भगत और विजय कुमार प्रमुख हैं। ये सभी अपने-अपने वार्ड में मजबूत जनाधार रखते हैं और पार्षदों से संपर्क साधकर समर्थन जुटाने में लगे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी बड़े राजनीतिक दल ने उपाध्यक्ष पद के लिए आधिकारिक समर्थन की घोषणा नहीं की है। ऐसे में चुनाव को लेकर सस्पेंस बना हुआ है और अंतिम समय तक समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है।


