Sahebganj News: तीन दिवसीय संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 का आगाज

साहिबगंज: पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता और पेशेवर दक्षता को परखने के लिए साहिबगंज में तीन दिवसीय संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित इस मीट में संथाल परगना के छह जिलों के पुलिसकर्मी विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर किया। इस मौके पर खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल भावना और अनुशासन की शपथ दिलाई गई।
6 जिलों के जवान ले रहे हिस्सा
इस क्षेत्रीय ड्यूटी मीट में साहिबगंज, दुमका, देवघर, गोड्डा, पाकुड़ और जामताड़ा जिले के चुने हुए पुलिसकर्मी शामिल हो रहे हैं। अगले तीन दिनों तक सभी जिलों की टीमें वैज्ञानिक अनुसंधान, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कंप्यूटर अवेयरनेस, एंटी सबोटाज चेक, डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट, श्वान दस्ता और अपराध अनुसंधान से जुड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी।
जीतने वाले जाएंगे राज्य स्तरीय मीट में
मीट में अव्वल आने वाले पुलिसकर्मियों और टीमों का चयन राज्य स्तरीय पुलिस ड्यूटी मीट के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना, तकनीकी ज्ञान को अपडेट करना और अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाना है।
दक्षता से बढ़ेगा मनोबल
उद्घाटन समारोह में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ती है और उनका मनोबल ऊंचा होता है। फील्ड में बेहतर प्रदर्शन के लिए तकनीकी दक्षता जरूरी है। ड्यूटी मीट उसी का मंच है। तीन दिवसीय इस आयोजन को लेकर पुलिस लाइन में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 9 जून को समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।


