Sahebganj News: आलमगीर आलम की रिहाई: जेल से बाहर आए पूर्व मंत्री, समर्थकों ने “जिंदाबाद” के नारों से गूंजाया होटवार

सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद झारखंड के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम जेल से बाहर आ गए हैं। उनकी रिहाई पर राँची से लेकर बरहरवा तक समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया और कांग्रेस नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

बरहरवा: पूर्व विधायक और झारखंड के पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से बाहर आ गए। सुप्रीम कोर्ट से सोमवार को जमानत मिलने के बाद से ही उनके समर्थकों में भारी उत्साह था। जैसे ही आलमगीर आलम जेल के मुख्य द्वार से बाहर निकले, वहां मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं ने “आलमगीर आलम जिंदाबाद” के नारों से आसमान गुंजा दिया। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे अपने पुराने विधानसभा स्थित आधिकारिक आवास पहुंचे।

आलमगीर आलम के स्वागत के लिए आवास को भव्य तरीके से सजाया गया था। साहिबगंज, बरहरवा, कोटालपोखर समेत जिले के विभिन्न हिस्सों से आए समर्थकों का हुजूम पिछले दो-तीन दिनों से उनके बाहर आने का इंतजार कर रहा था। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जमकर पटाखे फोड़े। इस दौरान न केवल आलमगीर आलम, बल्कि निशात आलम और तनवीर आलम के पक्ष में भी जमकर नारेबाजी हुई। आलमगीर आलम के आवास पर कांग्रेस और गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।

स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, राजमहल सांसद विजय हांसदा, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, साहिबगंज जिलाध्यक्ष बरकतउल्ला खान और अभिलाष साहू सहित कई नेता व अधिकारी मौजूद रहे। आलमगीर आलम ने भी बारी-बारी से सभी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आभार जताया।  

इस मौके पर पुत्र तनवीर आलम काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से हमारा परिवार और कार्यकर्ता इस पल का इंतजार कर रहे थे। हमें पूरा यकीन था कि मेरे पिता निर्दोष हैं और उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया था। आज उनके बाहर आने से हमारी आंखों को सुकून मिला है। हमने और हमारे चाहने वालों ने इस दौरान बहुत कुछ सहा, लेकिन ऊपर वाले के आशीर्वाद और न्यायपालिका पर भरोसे की जीत हुई है। आलमगीर आलम की रिहाई के बाद पाकुड़ समेत पूरे संताल परगना के राजनीतिक समीकरणों में एक बार फिर हलचल तेज होने की संभावना जताई जा रही है। समर्थकों का दावा है कि उनके आने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More