Sahebganj News: मंत्री दीपक बिरुवा ने 15 अत्याधुनिक डायल-112 आपातकालीन वाहनों को दिखाई हरी झंडी
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज: जिले में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करने के लिए जिला को 15 अत्याधुनिक डायल-112 आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन मिले हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय से प्राप्त इन वाहनों को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार (निबंधन रहित) तथा परिवहन विभाग, झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि राज्य सरकार आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। डायल-112 सेवा को और सशक्त करने के लिए नए वाहनों की तैनाती एक महत्वपूर्ण कदम है। इन नए ERV वाहनों के जिले में संचालन से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी। किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना, महिला सुरक्षा या कानून-व्यवस्था संबंधी कॉल पर पुलिस अब और तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों में अत्याधुनिक संचार और ट्रैकिंग सिस्टम लगे हैं। इससे कंट्रोल रूम से सीधे समन्वय कर घटना स्थल तक कम समय में पहुंचा जा सकेगा। प्रशासन का मानना है कि इन वाहनों के शुरू होने से आम जनता में सुरक्षा का विश्वास और बढ़ेगा। डायल-112 पर कॉल करते ही मदद तुरंत पहुंचने से अपराधों पर अंकुश लगेगा और कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।


