Sahebganj News : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल, गांव-गांव पहुंचा जल बचाओ अभियान

साहिबगंज : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के अखिल कुमार के मार्गदर्शन में विश्व जल दिवस पर जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि पारा-लीगल वॉलंटियर्स और न्याय मित्रों ने गांव-गांव जाकर लोगों को जल संरक्षण के महत्व, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, जल स्रोतों की सुरक्षा तथा जल जीवन मिशन जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
जागरूकता के क्रम में “जल है तो कल है”, जल का सदुपयोग करें, वर्षा जल संचयन अपनाएं और पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण करें- जैसे नारे लगाए गए। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक जल संरक्षण और स्वच्छ जल की जागरूकता पहुंचाना था। प्राधिकरण ने आश्वासन दिया कि ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर चलते रहेंगे।


