Sahebganj News: डीजल-पेट्रोल खत्म होने की आशंका से मची अफरा-तफरी

साहिबगंज: डीजल और पेट्रोल खत्म होने की आशंका को लेकर रविवार को ऊधवा प्रखंड क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। खासकर आलम पेट्रोल पंप पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बताया जाता है कि इलाके में ईंधन की कमी होने की चर्चा फैलते ही लोग अपने-अपने वाहन लेकर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े। बाइक, कार और अन्य वाहनों की कतार इतनी लंबी हो गई कि कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।
लोग जल्द से जल्द पेट्रोल और डीजल लेने की कोशिश में लगे रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईंधन खत्म होने की खबर तेजी से फैलने के बाद अचानक भीड़ बढ़ गई। कई लोग अपने वाहनों के साथ-साथ गैलन और बोतल में भी डीजल-पेट्रोल भरवाने पहुंचे।पेट्रोल पंप कर्मियों ने बताया कि भीड़ अधिक होने के कारण कुछ समय तक काफी दबाव बना रहा, हालांकि स्थिति को संभालने का प्रयास किया गया। वहीं लोगों में यह चिंता बनी रही कि यदि आपूर्ति समय पर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परेशानी बढ़ सकती है। इस दौरान पेट्रोल पंप के आसपास काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा और लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।


