Sahebganj News: उधवा झील में वन विभाग का शिकंजा, जाल लेकर घुसा था शख्स, खुद जाल में फंसा आरोपी

साहिबगंज जिले के प्रसिद्ध उधवा झील पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम ने वन्यजीवों का शिकार करने पहुंचे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में प्रतिबंधित क्षेत्र से एक नाव और जाल को जब्त किया गया है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इधर, अधिवक्ता संत कुमार घोष ने वन विभाग की मुस्तैदी की सराहना करते हुए क्षेत्र में मुखबिर तंत्र को और अधिक मजबूत करने की मांग की है।

साहिबगंज: प्रवासी पक्षियों के स्वर्ग कहे जाने वाले उधवा झील पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में वन्यजीवों का शिकार करने पहुंचे एक आरोपी को वन विभाग ने शुक्रवार सुबह रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी संरक्षित क्षेत्र में नाव से घुसकर जाल लगा रहा था। टीम ने पीछा कर उसे पकड़ा और नाव-जाल जब्त कर लिया। वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के नेतृत्व में टीम शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे नियमित गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान झील के प्रतिबंधित हिस्से में एक व्यक्ति नाव से अनाधिकृत रूप से घुसकर जाल लगाते दिखा। 

वन विभाग की टीम को देखते ही आरोपी नाव लेकर भागने लगा। टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और उसे दबोच लिया। मौके से नाव और जाल जब्त कर वन क्षेत्र कार्यालय तालझारी लाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति पहले भी अवैध गतिविधियों में शामिल रह चुका है। उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने साफ किया है कि उधवा झील जैसे संरक्षित पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में वन्यजीवों और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में अनाधिकृत प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। उल्लंघन करने पर जेल और जुर्माना दोनों हो सकता है। यह पूरा अभियान वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के नेतृत्व में चला। कार्रवाई में प्रभारी वनपाल राणा रंजीत, प्रधान वनरक्षी अखिलेश मरांडी, प्रेम कुमार, पप्पू कुमार समेत अन्य वनकर्मियों की अहम भूमिका रही।

उल्लेखनीय है कि उधवा झील पक्षी आश्रयणी साहिबगंज जिले की पहचान है। यहां हर साल साइबेरिया समेत कई देशों से हजारों प्रवासी पक्षी आते हैं। ये पूरा इलाका वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित है। यहां मछली पकड़ना, शिकार करना, जाल लगाना पूरी तरह गैरकानूनी है। इधर हिन्दू धर्म रक्षा मंच के केंद्रीय अध्यक्ष सह राजमहल न्यायालय के अधिवक्ता संत कुमार घोष ने कहा कि सुबह 6:30 बजे की रेड बताती है कि विभाग अलर्ट है। पर बड़ा सवाल ये है कि “रिपीट ऑफेंडर” इतनी हिम्मत कैसे जुटा लेता है? क्या लोकल स्तर पर कोई मिलीभगत है? इन्होंने वन विभाग को पेट्रोलिंग के साथ-साथ मुखबिर तंत्र भी मजबूत करने की अपील वन विभाग से की।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More