Sahebganj News: बेटियों का सुरक्षा कवच: एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज, सिविल सर्जन ने छात्राओं को किया प्रेरित

साहिबगंज के सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने राजमहल में एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि 14-15 वर्ष की किशोरियों के लिए यह सरकारी टीका पूरी तरह निःशुल्क और सुरक्षित है।

साहिबगंज: जिले में चल रहे एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान के तहत सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान राजमहल प्रखंड के प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने छात्राओं को एचपीवी टीके के फायदे बताए और टीकाकरण के लिए प्रेरित किया।    

सिविल सर्जन ने कहा कि यह केवल एक टीकाकरण अभियान नहीं, बल्कि बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का सुरक्षा कवच है। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को लगाया जाने वाला यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण जरूर कराएं और इस जनहितकारी अभियान का हिस्सा बनें।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर में यह अभियान एक स्वास्थ्य उत्सव जैसा दिखाई दिया, जहां जागरूकता, विश्वास और सुरक्षा का संदेश एक साथ प्रसारित हुआ। सिविल सर्जन ने छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए। डॉ. पासवान ने बताया कि सरकार द्वारा यह टीकाकरण पूर्णतः निःशुल्क कराया जा रहा है। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में इसके सकारात्मक स्वास्थ्य लाभ देखने को मिलेंगे।    

उन्होंने कहा कि परिवार, मोहल्ले या आसपास 14 से 15 वर्ष की कोई भी किशोरी हो तो उसका टीकाकरण अवश्य कराएं। सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि यह टीकाकरण अभियान जिले के सभी विद्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं अन्य स्वास्थ्य इकाइयों पर संचालित किया जा रहा है। जिले में लक्ष्य के अनुसार सभी किशोरियों को आच्छादित करने का प्रयास किया जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More