Sahebganj News: तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर चला रेलवन जागरूकता अभियान, यात्रियों को बताए गए रेलवन ऐप के फायदे

साहिबगंज: यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर ‘रेलवन जागरूकता अभियान’ चलाया गया। अभियान के तहत रेलवे कर्मियों ने यात्रियों को रेलवन ऐप की विशेषताओं और लाभों की जानकारी दी तथा इसे डाउनलोड कर उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवन ऐप भारतीय रेल की सभी सेवाओं के लिए एकल डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके माध्यम से यात्री टिकट बुकिंग, पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की लाइव लोकेशन, प्लेटफॉर्म नंबर, कोच पोजीशन, खाना ऑर्डर और शिकायत निवारण जैसी कई सुविधाएं एक ही जगह पा सकते हैं।
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में स्टॉल लगाकर यात्रियों को ऐप डाउनलोड कराया गया। रेल कर्मियों ने मोबाइल पर लाइव डेमो देकर बताया कि कैसे कुछ ही क्लिक में टिकट बुक किया जा सकता है और यात्रा से जुड़ी हर जानकारी मिल सकती है। बुजुर्ग और ग्रामीण यात्रियों को विशेष रूप से ऐप का उपयोग करना सिखाया गया। तीनपहाड़ स्टेशन प्रबंधक ने कहा कि रेलवन ऐप से यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें दलालों के चक्कर से भी मुक्ति मिलेगी। यह ऐप 24×7 उपलब्ध है और पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने सभी यात्रियों से सुविधाजनक और सहज रेल सेवा के लिए रेलवन ऐप को अपनाने की अपील की।
जागरूकता अभियान के बाद कई यात्रियों ने मौके पर ही ऐप डाउनलोड किया। यात्रियों ने रेलवे की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही ऐप में सारी सुविधाएं मिलने से यात्रा अब और आसान हो जाएगी। रेलवे द्वारा यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल इंडिया के तहत रेलवे की आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जा सके।


