Sahebganj News: आत्मा सभागार में ‘खेत बचाओ अभियान’ पर एक दिवसीय कृषक गोष्ठी आयोजित

साहिबगंज: कृषि विभाग और आत्मा के संयुक्त तत्वावधान में आत्मा सभागार में ‘खेत बचाओ अभियान’ पर एक दिवसीय कृषक गोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम का मकसद किसानों को उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, प्राकृतिक खेती, मृदा संरक्षण और सतत कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना था। गौरतलब है कि देशभर में ‘खेत बचाओ अभियान’ 1 जून से 30 जून 2026 तक चलाया जा रहा है। इसके तहत साहिबगंज जिले की सभी पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा प्रमोद एक्का ने कहा कि अभियान के तहत हरित खाद उत्पादन को बढ़ावा, उर्वरकों का संतुलित प्रयोग, प्राकृतिक खेती को अपनाने और किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड देने पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार किया जाएगा। पात्र किसानों के बीच मिनीकिट और बीज वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना और पीएम किसान सम्मान निधि से शत-प्रतिशत किसानों को जोड़ने का लक्ष्य है।
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक-सह-प्रधान डॉ. सुप्रिया सिंह ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अंधाधुंध इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरता लगातार घट रही है। उन्होंने किसानों से जैविक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद और जैविक उर्वरकों का इस्तेमाल बढ़ाने की अपील की, ताकि जमीन की उत्पादकता लंबे समय तक बनी रहे।उप-परियोजना निदेशक, आत्मा ने किसानों को कम लागत में ज्यादा उत्पादन की आधुनिक तकनीकें बताईं। उन्होंने नियमित मिट्टी जांच कराने और मृदा स्वास्थ्य कार्ड में दिए सुझावों के अनुसार ही उर्वरक इस्तेमाल करने की सलाह दी।
गोष्ठी के दूसरे सत्र में प्रश्नोत्तर कार्यक्रम हुआ। जिले के अलग-अलग प्रखंडों से आए किसानों ने खेती-किसानी, फसलों की बीमारियों, उन्नत बीजों की उपलब्धता और अन्य समस्याएं रखीं। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया और तकनीकी मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में जिला मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण कुमार भोक्ता, उप-परियोजना निदेशक आत्मा मंटू कुमार, सभी प्रखंडों के बीटीएम, एटीएम, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष किसान शामिल हुए।


