Sahebganj News: मोराबादी के राज्यस्तरीय कृषि मेले में शामिल होगा जिले के 75 किसानों का दल

साहिबगंज: रांची के मोराबादी मैदान में 16 से 18 जून 2026 तक आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय कृषि मेले में साहिबगंज जिले से 70 से 75 किसानों का दल शामिल होगा। जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने बताया कि यह मेला किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा।
तीन दिन मिलेगा प्रशिक्षण
मेले में किसानों को वैज्ञानिक खेती, उन्नत बीज, सिंचाई की नई तकनीक, जैविक खेती, फसल प्रबंधन और कृषि आधारित स्वरोजगार की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं पर भी विशेष प्रशिक्षण सत्र होंगे।
आधुनिक मशीनों का होगा लाइव डेमो
कृषि मेले में कई कंपनियां और संस्थान अत्याधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन करेंगी। किसान ट्रैक्टर, सीड ड्रिल, रीपर, पावर टिलर, ड्रोन तकनीक, स्प्रे मशीन और मल्टीक्रॉप थ्रेसर की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष देख-समझ सकेंगे। जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि इन तकनीकों से खेती की लागत घटेगी, उत्पादन बढ़ेगा और समय की बचत होगी।
जिले में आएगा नवाचार
प्रमोद एक्का ने कहा कि राज्यस्तरीय कृषि मेला किसानों के लिए नई तकनीकों को सीखने का सुनहरा अवसर है। मेले से प्रशिक्षण लेकर लौटे किसान अपने गांव-टोले में अन्य किसानों को भी आधुनिक खेती की जानकारी देंगे। इससे जिले में कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा और खेती को नई दिशा मिलेगी। कृषि विभाग की ओर से किसानों के चयन और मेले में भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है।


