Sahebganj News: राजमहल में 8 जून से शुरू होगा टीबी खोज अभियान, हैंडहेल्ड एक्स-रे से होगी जांच

साहिबगंज: टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए यक्ष्मा विभाग ने कमर कस ली है। 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत राजमहल अनुमंडल क्षेत्र में 8 जून 2026 से 13 जून 2026 तक विशेष हैंडहेल्ड एक्स-रे जांच कार्यक्रम चलाया जाएगा। राजमहल अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू के निर्देश पर कार्यक्रम की तारीखें तय की गई हैं। अभियान का मकसद टीबी मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें तुरंत इलाज देना है।
डॉक्टर उदय टुडू ने बताया कि शिविरों में हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन से लोगों की जांच होगी। संदिग्ध मरीजों की पहचान होते ही मौके पर ही जांच और परामर्श की सुविधा मिलेगी। इस अभियान का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग कर टीबी को शुरुआती स्टेज में पकड़ना और इलाज शुरू करना।
स्वास्थ्य विभाग ने शहर वासियों से अपील की है कि अगर किसी को लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, कमजोरी या टीबी से जुड़े कोई लक्षण दिखें तो शिविर में जांच जरूर कराएं। यक्ष्मा विभाग का ये 100 दिवसीय अभियान ‘टीबी मुक्त भारत’ मिशन की दिशा में बड़ा कदम है। अधिकारी मानते हैं कि समय पर जांच और इलाज से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है। राजमहल अनुमंडल अस्पताल प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जांच शिविरों का लाभ उठाएं।


