Sahebganj News: आंगनबाड़ी सेविकाओं का फूटा गुस्सा, 7 महीने से मानदेय और पोषाहार राशि बकाया, आंदोलन की चेतावनी

साहिबगंज: सदर अंचल कार्यालय में आंगनबाड़ी सेविका संघ की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में जनवरी से मानदेय और फरवरी से पोषाहार राशि नहीं मिलने पर सेविकाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बैठक की अध्यक्षता कर रहीं संघ की अध्यक्ष शबाना आजमी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने जनवरी से अब तक हमारा मानदेय नहीं दिया। फरवरी से पोषाहार मद की राशि भी लंबित है। केंद्र चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि भुगतान न होने से सेविकाओं की आर्थिक हालत बिगड़ गई है। कई सेविकाएं उधार लेकर आंगनबाड़ी केंद्र चला रही हैं, पर अब ये भी संभव नहीं।
संघ ने सरकार से बकाया राशि का अविलंब भुगतान करने की मांग की। शबाना आजमी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंगनबाड़ी सेविका संघ आंदोलन करने को बाध्य होगा। बैठक में मौजूद सेविकाओं ने कहा कि सरकार उनकी समस्या को गंभीरता से ले। लंबित मानदेय और पोषाहार राशि का शीघ्र भुगतान हो, वरना कुपोषण से लड़ने वाले केंद्र खुद भुखमरी के कगार पर पहुंच जाएंगे।
मौके पर जिला अध्यक्ष शबाना आजमी, अंजू देवी, सरस्वती देवी, रेखा देवी, पूनम देवी, सोनी कुमारी, जयंती देवी, आशा देवी, नीलू देवी, मंजू कुमारी, मनी देवी, मुन्नी देवी समेत दर्जनों सेविकाएं उपस्थित थीं। सोचनीय है कि जो सेविकाएं गांव-गांव में बच्चों और गर्भवती महिलाओं को कुपोषण से बचाती हैं, सरकार उन्हीं को 7 महीने से भूखा रखे है। सवाल उठता है कि आखिर उधार के भरोसे कब तक चलेगा ‘पोषण अभियान’? अगर मानदेय और पोषाहार का पैसा ही नहीं मिलेगा, तो आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताला लगना तय है। बच्चों का निवाला रोककर कैसा विकास?


