Sahebganj News: उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने नशामुक्ति जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

साहिबगंज समाहरणालय परिसर से उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने नशा उन्मूलन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 26 जून 2026 तक चलने वाले इस राज्यव्यापी अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में 'दीपक आर्ट' की टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

साहिबगंज: निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर 15 जून से 26 जून 2026 तक राज्यव्यापी नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में समाहरणालय परिसर से उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण करेगा। रथ के माध्यम से आमजनों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

मौके पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। नशे की लत युवाओं का भविष्य अंधकारमय बना सकती है। उन्होंने कहा कि इसके विरुद्ध समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर जनआंदोलन खड़ा करना होगा। डीसी ने नागरिकों से अपील की कि अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाएं।

कार्यक्रम के दौरान दीपक आर्ट की टीम ने नशा मुक्ति पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। कलाकारों ने सशक्त अभिनय से नशीले पदार्थों के दुष्परिणाम और नशामुक्त जीवन का महत्व बताया। लोगों ने नाटक की सराहना की और इसके संदेश को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार दास समेत जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नशे के विरुद्ध चल रहे इस जन-जागरूकता अभियान में सहभागी बनें और स्वस्थ, सुरक्षित व नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More