Sahebganj News: निजी स्कूलों की समस्याओं पर मंथन, पंकज मिश्रा ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन

साहिबगंज के एन.आर.पी. सेंटर में झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य अतिथि पंकज मिश्रा ने निजी विद्यालयों की मान्यता और भूमि संबंधी समस्याओं को सुना और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक में संगठन को मजबूती देने के लिए प्रखंड संयोजकों की नियुक्ति की गई और जिले में चल रही बड़ी विकास योजनाओं पर चर्चा की गई।

साहिबगंज: झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, इकाई साहिबगंज की एक महत्वपूर्ण बैठक एन.आर.पी. सेंटर साहिबगंज में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि सह झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव एवं प्रवक्ता पंकज मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष मनोज कुमार झा ने की, जबकि सम्मानित अतिथि के रूप में डॉ. संजय भगत मौजूद रहे।    

कार्यक्रम में एसोसिएशन के संरक्षक प्रो. कमल कुमार महावर की भी विशेष उपस्थिति रही। मंच संचालन गरिमा साह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन वीरेंद्र सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान एन.आर.पी. सेंटर की बच्चियों ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। सचिव सत्यजीत कृष्ण ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अध्यक्ष मनोज कुमार झा एवं संरक्षक प्रो. कमल कुमार महावर ने मुख्य अतिथि पंकज मिश्रा एवं डॉ. संजय भगत को शॉल एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, सचिव द्वारा संरक्षक प्रो. महावर एवं अध्यक्ष मनोज झा को अंगवस्त्र और माला देकर सम्मानित किया गया।

अपने स्वागत भाषण में अध्यक्ष मनोज झा ने जिले भर से आए निजी विद्यालयों के संचालकों, प्राचार्यों, शिक्षिकाओं एवं उपस्थित महिलाओं का अभिनंदन किया। संरक्षक प्रो. कमल कुमार महावर ने अपने संबोधन में निजी विद्यालयों की वर्तमान स्थिति एवं बच्चों की शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि साहिबगंज जिले में लगभग डेढ़ सौ निजी विद्यालय संचालित हैं, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मान्यता के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि की अनिवार्यता निर्धारित की गई है, जबकि जिले की अधिकांश भूमि कृत्रिम खास महल एवं दानपत्र की है। ऐसी परिस्थिति में भूमि संबंधी बाध्यता को शिथिल किए जाने की आवश्यकता है।

मुख्य अतिथि पंकज मिश्रा ने निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए हरसंभव सहयोग देने की बात कही। उन्होंने जिले में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा किनारे रिवर फ्रंट का निर्माण किया जाएगा। साथ ही अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज एवं हवाई अड्डे का कार्य जल्द शुरू होने की बात कही। उन्होंने रेलवे विकास एवं नई ट्रेनों के परिचालन की भी चर्चा की। बैठक में जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे। संगठन विस्तार को लेकर जिले के प्रत्येक प्रखंड के लिए प्रखंड संयोजकों की नियुक्ति की गई, ताकि सभी निजी विद्यालयों को संगठन से जोड़ा जा सके।

इस अवसर पर संरक्षक उमानाथ पंडित, वीरेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, राजेश आर्य, अनिमा प्रमाणिक, सरस्वती शिशु एकेडमी की प्राचार्या गंगा महावर, वात्सल्य किड्स की रूपम शाह, शारदे चिल्ड्रन एकेडमी के उत्तम कुमार चंद, अनुपम गोस्वामी, सद्दाम हुसैन, परमजीत घोष, अजय मंडल, अरुण, विजय यादव, गोपाल कृष्ण, संतोष उपाध्याय, संजीव यादव, अजय शाह, संजय ठाकुर, अशफाक आलम, कार्तिक हेंब्रम, छोटू लाल गुप्ता, कालिदास पाठक सहित बड़ी संख्या में निजी विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More