Sahebganj News : कोटालपोखर में धूमधाम से मनाई गई ईद-उल-फितर, छाया उल्लास

साहिबगंज : बरहरवा प्रखंड के कोटालपोखर में ईद-उल-फितर का पर्व इस वर्ष बड़े ही धूमधाम, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह होते ही क्षेत्र के चौधरी मस्ज़िद और ईदगाहों में नमाज़ अदा करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर ओर खुशी का माहौल देखने को मिला और लोग नए कपड़ों में सज-धज कर ईद की नमाज के लिए पहुंचे। इमामों की अगुवाई में विशेष नमाज अदा की गई, जिसमें क्षेत्र की खुशहाली, देश की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी गई।
नमाज़ के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे पूरा वातावरण प्रेम और सौहार्द से भर गया। मौके पर बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। बच्चे नए कपड़े पहनकर और ईदी पाने की खुशी में झूमते नजर आए, वहीं युवा भी इस त्यौहार को पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाते दिखे।
घरों में मीठी सेवइयों और तरह-तरह के पकवान बनाए गए, जिनकी खुशबू पूरे इलाके में फैल गई। लोग अपने रिश्तेदारों और पड़ोसियों के घर जाकर मिठाइयां बांटते और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करते नज़र आए। ईद-उल-फितर के इस पावन अवसर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि त्यौहार केवल खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम हैं। कोटालपोखर में मनाई गई ईद ने सभी के दिलों को जोड़ने का काम किया। त्यौहार ने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक और खुशहाल माहौल बना दिया।


