Sahebganj News: पारा 40°C के पार, 12 से 3 बजे तक घर से न निकलने की सलाह

साहिबगंज: जिले में भीषण गर्मी और तेज लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। बीते कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हीट वेव का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। दोपहर 12 बजे के बाद बाजारों और सड़कों पर आवाजाही न के बराबर हो गई है। लोग जरूरी काम निपटाकर घरों में कैद रहने को मजबूर हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार बढ़ते तापमान से हीट स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। विभाग की सलाह है कि दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू-पानी, ओआरएस पीते रहें, खाली पेट घर से बाहर न निकलें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और सिर ढककर रखें। चक्कर, उल्टी, तेज बुखार होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।
प्रशासन सतर्क, लोगों से अपील
भीषण गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था और स्वास्थ्य केंद्रों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और जरूरी एहतियात बरतें। इधर, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 2-3 दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
( साहिबगंज से संजना कुमारी की रिपोर्ट )


