Sahebganj News: 11 हजार वोल्ट की नंगी तार से टकराया किशोर, पेड़ से गिरकर मौत

साहिबगंज: रविवार का दिन मटियाल के चहरबन्ना, वार्ड संख्या- 12 के लिए काला दिन बन गया। घर के पास उड़ रही पतंग को उतारने पेड़ पर चढ़ा 15 वर्षीय किशोर समीउल शेख करंट की चपेट में आ गया। तेज झटके के साथ वो पेड़ से नीचे गिरा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक समीउल मटियाल निवासी मुख्तार शेख का बेटा था। हादसे के बाद से पूरे घर में मातम पसरा है।
पतंग के चक्कर में हुई अनहोनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में समीउल दोस्तों के साथ खेल रहा था। किसी की पतंग पास के पेड़ की डाल में उलझ गई। उसे निकालने के लिए वो पेड़ पर चढ़ा। लेकिन किसे पता था कि मौत उसी पेड़ के बगल में इंतजार कर रही है। पेड़ के ठीक बगल से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई टेंशन नंगी तार से समीउल का शरीर छू गया। करंट लगते ही वो झुलस गया और नीचे आ गिरा।
अस्पताल ले जाते-ले जाते टूट गई सांस
ग्रामीण आनन-फानन में समीउल को राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. उदय टुडू ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर राजमहल थाना के एएसआई एस.के. तिर्की दल-बल के साथ पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर उन्होंने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
नेता पहुंचे, पर सवाल वही
घटना की खबर मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद केताबुद्दीन शेख और वार्ड पार्षद राजू सरकार भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी। लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा बिजली विभाग पर फूट रहा है। उनका कहना है कि आबादी वाले इलाके और पेड़ों से सटकर 11 हजार की नंगी तारें दौड़ रही हैं। ये पहली बार नहीं है।
कब तक ऐसे हादसों का इंतजार करेंगे? लोगों ने मांग की है कि तुरंत इलाके की तारों की जांच हो, नंगी तारों की जगह इंसुलेटेड केबल लगाई जाए और आवासीय क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को पुख्ता किया जाएं। एक पतंग के लिए घर से निकला समीउल अब कभी वापस नहीं आएगा। पीछे रह गई है सिर्फ माता-पिता की चीख और एक सवाल – क्या एक और जान जाने के बाद ही बिजली विभाग जागेगा?


