भाजपा पहले अपने शासनकाल की भर्ती अनियमितताओं का जवाब दे : विजय शंकर नायक

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने JPSC और JSSC भर्ती मामलों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को वर्तमान सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल की कथित भर्ती अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और नियुक्ति विवादों पर जवाब देना चाहिए।

रांची:  झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती मामलों पर सवाल उठाने से पहले अपने शासनकाल के दौरान हुई भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवादों, कथित भ्रष्टाचार और नियुक्ति घोटालों पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठे, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भरोसा प्रभावित हुआ। उनके अनुसार, आज भाजपा युवाओं की हितैषी बनने का प्रयास कर रही है, जबकि उसके शासनकाल में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और पैरवी के आधार पर नियुक्तियों के आरोप सामने आए थे।

JPSC मामलों का किया उल्लेख

विजय शंकर नायक ने कहा कि बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा के कार्यकाल के दौरान आयोजित प्रथम और द्वितीय संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा (2000-08) से जुड़े मामलों में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच हुई थी। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में तत्कालीन जेपीएससी अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार प्रसाद सहित अन्य सदस्यों के विरुद्ध कार्रवाई हुई और वर्ष 2024 में सीबीआई ने 60 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दूसरी संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा (2004) में प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित करने में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। साथ ही ओएमआर शीट में कथित गड़बड़ियों का भी उल्लेख किया।

रघुवर सरकार पर भी साधा निशाना

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि रघुवर दास के कार्यकाल में भी जेपीएससी और जेएसएससी की कई भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन किए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले इन सभी मामलों पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

हेमंत सरकार का किया बचाव

विजय शंकर नायक ने कहा कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 की जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में पेपर लीक की सूचना मिलने के बाद परीक्षा रद्द की गई और एसआईटी जांच में कई गिरफ्तारियां हुईं।

उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2026 की उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले में 159 अभ्यर्थियों सहित कथित संगठित गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखींभाजपा शासनकाल सहित सभी विवादित JPSC एवं JSSC भर्ती मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
दोषी अधिकारियों, बिचौलियों एवं अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।

भर्ती परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी, डिजिटल और पेपर लीक मुक्त बनाया जाए।
युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए समयबद्ध एवं जवाबदेह भर्ती व्यवस्था लागू की जाए।

प्रेस वार्ता में विजय शंकर नायक ने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाने के लिए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।

 

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More