कर्ज चुकाने में बनाया कीर्तिमान, एक ही दिन में चुकाया लाखों का कर्ज नकदी में

जमशेदपुर: सीबीआइ जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दरअसल, जमशेदपुर स्थित इंडो-डेनिश टूल रूम (आइडीटीआर) के डीजीएम आशुतोष कुमार पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में खुलासा हुआ है। इसके अनुसार अधिकारी के रिश्तेदारों ने बैंक से लिए गये लाखों रुपयों के कर्ज को एक ही दिन में चुका दिया। साथ ही लाखों रुपयों के कुछ कर्ज को आठ महीने में नकदी में चुकाने का कीर्तिमान भी बनाया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार आशुतोष ने अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर आय से अधिक 1.96 करोड़ रुपये की संपत्ति जमा की। साथ ही इस गोरख कार्य से बचने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। उसने अपनी पत्नी चयनिका कुमारी और रिश्तेदार केशव वत्स के नाम पर सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के आदित्यपुर ब्रांच से कर्ज लिया। इस पैसे को उसने फिक्स डिपाजिट किया और प्रॉपर्टी बनायी। इसके बाद कर्ज के रकम को कम समय में नकदी में चुका दिया। इस तरह से कर्ज लेने-चुकाने का सिलसिला काफी समय तक चला।
सीबीआइ के अनुसार इस तरह के दस मामले सामने आये हैं। जांच में पता चला कि डीजीएम का रिश्तेदार केशव की आमदनी इतनी नहीं थी कि वह लाखों का कर्ज कम समय में चुका सके। साथ ही केशव ने सीबीआइ जांच के बाद ही इनकम टैक्स रीटर्न फाइल किया।


