कृषि, सहकारिता जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा
रांची/देवघर: उपायुक्त नैंसी सहाय की अध्यक्षता में कृषि विभाग, जिला सहकारिता विभाग, जिला आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आहूत की गई। इस बाबत श्रीमती सहाय ने पीडीएस डीलर के माध्यम से राशन कार्ड की उपलब्धता, आंगनबाड़ी एवं सरकारी विद्यालयों में खाद्यान्न की उपलब्धता की समीक्षोप्रांत राज्य खाद्य निगम के आपूर्तिकर्ता व सहायक गोदाम प्रबंधक को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय पर सभी जगहों पर खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
श्रीमती सहाय ने राशन कार्ड की समीक्षा करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर योग्य लाभुकों का राशन कार्ड बनाएं। कहा कि वृद्ध व्यक्ति, दिव्यांग व विधवा लोगों का राशन कार्ड बनाने में प्राथमिकता दी जाए। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वर्तमान में जिले में जितने भी राशन कार्ड बनाना है, उसे प्रत्येक प्रखंड में विभाजित करते हुए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को एक लक्ष्य निर्धारित कर दिया जाए। इसके अलावे बैठक के दौरान जिला सहकारिता विभाग की चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए लैम्स और पैक्स की वित्तीय वर्ष 2017-18 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कितने आवंटन प्राप्त हुए एवं उसके वितरण की स्थिति से अवगत हुई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2019-20 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कितने किसानों का पंजीकरण किया गया है एवं खाद बीज वितरण की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा- निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिया।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान तिमाही में खाद्यान्नों की मांग व उपलब्धता से जुड़ी जानकारी को समाज कल्याण पदाधिकारी से साझा करते हुए उपायुक्त स्तर से डीएमएसएफसी को पत्राचार करें। जिला स्तर पर खाद्यान्न योजना का व्यापक प्रसार- प्रसार करें। लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध ससमय कराएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पडे़। डीसी ने इस बाबत जिला शिक्षा अधीक्षक को निर्देश दिया कि सभी सरकारी विद्यालयों हेतु उपलब्ध कराये गये खाद्यान्नों का उठाव समय से करा लें, ताकि बच्चों को मीड-डे मील मिलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि योग्य लाभुकों का केवाईसी व कनेक्शन दिये जाने का जो गैप है, उसे जल्द से जल्द पूर्ण करें। इसके अलावे उन्होंने सभी गैस एजेंसी को निर्देश दिया कि केवाईसी क्लियर किये आवेदनों की संख्या एवं कितने डुप्लिकेट आवेदन है, इन सभी की सूची आपूर्ति कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसके अलावे कृषि विभाग के विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी एटीएम, बीटीएम को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री किसान मानधन पेंशन योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कराएं, ताकि इसका लाभ जिले के सभी किसानों तक पहुंचाया जा सके। बैठक के दौरान उपरोक्त के अलावे जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण प्रकाश, जिला योजना पदाधिकारी परमेश्वर मुडा सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद थे।