Ranchi News: अक्टूबर में सजेगा जेसीआई एक्सपो उत्सव, प्रशांत पाटोदिया को मिली बड़ी जिम्मेदारी

रांची: झारखंड के सबसे बड़े कंज्यूमर फेस्ट और रांची के बहुप्रतीक्षित जेसीआई एक्सपो उत्सव के लिए इस वर्ष जेसी प्रशांत पाटोदिया को चीफ कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। यह एक्सपो पिछले 28 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और राज्य के सबसे बड़े उपभोक्ता मेलों में शामिल है।
मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाला यह सात दिवसीय एक्सपो हर वर्ष पांच लाख से अधिक लोगों को आकर्षित करता है। इस बार भी अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले एक्सपो में कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर, फ्लैट, घर से जुड़ी आवश्यक वस्तुएं, नई गाड़ियां, फर्नीचर सहित विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
जेसीआई रांची से पिछले 17 वर्षों से जुड़े जेसी प्रशांत पाटोदिया पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और लंबे समय से जेसीआई एक्सपो उत्सव के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व को देखते हुए उन्हें इस वर्ष आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयोजन में जेसी राहुल टिबरेवाल, जेसी सौरभ जालान और जेसी सौरव नरेडी सह-संचालक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे, जबकि जेसी सीए दीपक पटेल कोषाध्यक्ष की भूमिका में रहेंगे।
जेसीआई रांची के प्रवक्ता जेसी रविकांत समोटा ने बताया कि इस वर्ष भी एक्सपो को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन में व्यापार, उद्योग और उपभोक्ताओं के लिए कई नए आकर्षण शामिल किए जाएंगे, जिससे यह एक्सपो पहले की तरह लोगों के लिए खरीदारी और मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेगा।


