Ranchi News: CCL मुख्यालय में सीजीडब्ल्यूए दिशानिर्देशों पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू

रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय स्थित गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर के संगम सभागार में सोमवार को केंद्रीय भूमि जल प्राधिकरण (सीजीडब्ल्यूए) के दिशानिर्देशों और अनुपालनों पर केंद्रित दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। सीसीएल के पर्यावरण विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में झारखंड में कार्यरत कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनियों—सीसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल और सीएमपीडीआई—के करीब 130 अधिकारी शामिल हुए।
उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, निदेशक (योजना एवं परियोजना) शंकर नागाचारी और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार मौजूद रहे। इस मौके पर केंद्रीय भूमि जल प्राधिकरण, जल शक्ति मंत्रालय, केंद्रीय भूमि जल बोर्ड रांची और राजीव गांधी राष्ट्रीय भूजल प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान, रायपुर के प्रतिनिधियों का भी स्वागत किया गया। वक्ताओं ने जिम्मेदार खनन पद्धतियों, सतत भूजल प्रबंधन, संरक्षण और अनुपालन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि कोयला उद्योग को सीजीडब्ल्यूए की दृष्टि और दिशा के अनुरूप कार्य करना होगा।
कार्यशाला का उद्देश्य अधिकारियों को सीजीडब्ल्यूए के प्रावधानों, अनुपालन आवश्यकताओं और उल्लंघन की स्थिति में दंडात्मक प्रावधानों से अवगत कराना है। साथ ही एनओसी प्रस्तावों को सुव्यवस्थित करने और व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करने पर भी विशेष बल दिया जा रहा है। पहले दिन की कार्यवाही अनुपालनों और स्व-निरीक्षण प्रक्रिया की चर्चा के साथ संपन्न हुई।


