Ranchi News: दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में शान से लहराया तिरंगा, शहीदों के बलिदान को किया गया नमन

रांची : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल, रांची के आयुक्त कार्यालय परिसर में शनिवार को ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। प्रमंडलीय आयुक्त मनोज कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान कार्यालय के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में आयुक्त के सचिव रविन्द्र गागरई, अवर सचिव विजय कुमार, उप परिवहन आयुक्त सह सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार अजय कुमार रजक, उप निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क उर्वशी पाण्डेय, उप निदेशक समाज कल्याण रवि शंकर मिश्रा और आयुक्त के आप्त सचिव अमरेंद्र कुमार सहित कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वीर शहीदों के बलिदान को याद करने का दिन : मनोज कुमार
इस अवसर पर आयुक्त मनोज कुमार ने राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुरुषों और शहीदों को याद करने तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और संघर्ष से हमें हमेशा प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके बलिदान ने देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
युवाओं से देश निर्माण में योगदान देने की अपील
आयुक्त ने विशेष रूप से युवाओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस केवल स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि देश के भविष्य के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का भी अवसर देता है।
उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प है। युवाओं के सपने ही भारत का भविष्य हैं। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, अनुशासन, नवाचार और ईमानदारी को जीवन का मार्ग बनाकर देश की प्रगति में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
आयुक्त ने कहा कि देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। नई सोच, तकनीक और नवाचार के माध्यम से युवा भारत को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।


