Ranchi News: स्वस्थ जीवन और दीर्घायु का मंत्र है योग : कुलपति डॉ. राजीव मनोहर
-1024x614.jpeg)
रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), रांची में 21 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन विश्वविद्यालय के योगिक साइंस विभाग द्वारा किया गया। प्रातः 7 बजे आयोजित कार्यक्रम में कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय परिवार के साथ योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग एक पूर्ण विज्ञान है, जिसका उद्देश्य शरीर, मन और आत्मा का सामंजस्यपूर्ण विकास करना है।
कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के योगिक साइंस विभाग को और अधिक विस्तारित करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि अगले वर्ष योग दिवस का आयोजन और अधिक व्यापक स्तर पर किया जा सके।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कुलपति द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद योगिक साइंस विभाग की शिक्षिका मिनी सहाय ने उपस्थित शिक्षकों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया।
इस अवसर पर योगिक साइंस विभाग की समन्वयक डॉ. अपर्णा सिन्हा ने भी योग की प्रासंगिकता पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में डॉ. ईश्वरी प्रसाद गुप्ता, डॉ. अनुपम कुमार, डॉ. जी.सी. बास्के सहित अन्य शिक्षक, कर्मी और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से भाग लिया।
यह जानकारी विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी।


