रांची- जमशेदपुर में लोग ठेले पर स्वच्छ खाने का ले सकेंगे मजा

जगह चयन हेतु एफएसएसएआई ने डीसी को पत्र लिखा
रांची: सड़क किनारे ठेले पर चटपटे व्यंजनों का लुफ्त भला कौन नहीं उठाना चाहता है, लेकिन सफाई न होने के कारण लोग ठेले से खाने में परहेज करते हैं। अब यदि आप ठेले पर खाना पंसद करते हैं, तो खुशखबरी है। जी हां, अब आपको स्वच्छ व स्वस्थ स्ट्रीट फूड मिलने वाला है। जहां साफ सफाई का भी विशेष ख्याल रखा जाएगा। इस बाबत फूड से टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एफएसएसएआई) ने मेट्रो शहर की तर्ज पर क्लीन स्ट्रीट फूड हब के लिए झारखंड के रांची व जमशेदपुर दो शहरों का चयन किया है।
इन दोनों स्थान के उपायुक्तों को पत्र लिखकर जगह उपलब्ध कराने को भी कहा गया है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डीसी के साथ समन्वय बनाकर जगह तय करेंगे। जहां पर स्वच्छ स्ट्रीट फूड की व्यवस्था की जाएगी। विभाग के एक वरीय पदाधिकारी के अनुसार, क्लीन स्ट्रीट फूड हब बनने के बाद यहां लोगों को पूरी तरह स्वच्छ सड़क के किनारे भी ठेलों पर मिल सकेगा।
प्रशिक्षित और कुशल होंगे कुक सड़क किनारे ठेले पर खाने की हर चीज आरओ के पानी से बनेगी। बैठने के अच्छे इंतजाम होंगे। फास्ट फूड बनाने व परोसने वाले कर्मचारी के न तो नाखून बड़े मिलेंगे न ही बाल। गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए खाद्य निदेशालय की टीम हर महीने स्टालों का निरीक्षण करेगी। हब में स्टाल लगाने से पहले सभी ठेले वालों को निबंधन भी कराना होगा। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाने वालों को कुशल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। मोरहाबादी मैदान और अल्बर्ट एक्का चौक बन सकता है फूड हब विभागीय पदाधिकारियों की मानें तो रांची में क्लीन स्ट्रीट फूड हब के लिए मोरहाबादी मैदान, अल्बर्ट एक्का चौक, अपर बाजार बेहतर जगह हो सकते हैं। हालांकि यह जिला प्रशासन की सहमति से ही तय होगा।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More