रांची के जाने-माने व्यवसायी के बेटे की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस

रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी आशीष भाटिया के पुत्र लव भाटिया की गुरुवार दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत की वजह जहर बताई जा रही है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
तबीयत अचानक बिगड़ने पर लव भाटिया को लालपुर थाना क्षेत्र स्थित ऑर्किड अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया गया।
व्यापारिक हलकों में शोक
इस घटना ने रांची के व्यापारिक और सामाजिक जगत में गहरा दुख पैदा कर दिया है। मौत के असल कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएँ हो रही हैं, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना पूरी जांच के कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जाएगा।
परिवार का व्यापारिक विस्तार
भाटिया परिवार रांची के जाने-पहचाने कारोबारी घरानों में शुमार है। परिवार के स्वामित्व में मेन रोड पर पंजाब स्वीट्स, होटल कैपिटल हिल और चर्च कॉम्प्लेक्स में कावेरी रेस्टोरेंट शामिल हैं। इसके अलावा कावेरी रेस्टोरेंट की शाखाएँ सर्कुलर रोड, हरमू और कांके रोड पर भी संचालित हैं। लव भाटिया खुद सर्कुलर रोड स्थित कावेरी रेस्टोरेंट की देखरेख करते थे।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।


