रांची जिले में 1 से 7 सितंबर तक चलेगा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सप्ताह

राँची डेस्क- झारखंड सरकार के महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की मंत्री जोबा मांझी ने 01 सितंबर से 30 सितंबर 2021 तक चलने वाले पोषण माह के अंतगर्त रांची में प्रधानमंत्री मंत्री मातृ वंदना योजना( Pradhan Mantri Matru vandana yojana) सप्ताह को लेकर जागरुकता सह पोषण संकल्प दिवस  समारोह का शुभारंभ किया। जोबा मांझी ने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। उन्होने  सभी आंगनबाड़ी सेविका और दीदीयों को अपने पोषण क्षेत्र में धात्री माताओं और बच्चों को पोषण युक्त आहार से संबंधित जानकारी देने और कुपोषण की जानकारी साझा करने को कहा।

रांची जिला में दिनांक 01 सितंबर से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सप्ताह की शुरुआत हो चुकी है, जो 07 सितंबर तक चलेगा। इसके तहत प्रखंडों में विभिन्न कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं, साथ ही योग्य लाभुकों का चयन कर उन्हें योजना से आच्छादित करने का कार्य किया जा रहा है।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी  श्वेता भारती ने बताया कि योजना के तहत 5000 रुपये की धनराशि पहली बार मां बनने वाली महिला को दी जाती है। पंजीकरण कराने के साथ ही गर्भवती को प्रथम किस्त के रूप में 1000 रुपये दिए जाते हैं। प्रसव पूर्व कम से कम एक जांच होने पर (गर्भावस्था के 6 माह बाद) दूसरी किस्त में 2000 रुपये और बच्चे के जन्म का पंजीकरण होने और बच्चे के प्रथम चक्र का टीकाकरण पूरा होने पर तीसरी किस्त में 2000 रुपये दिए जाते हैं। भुगतान गर्भवती के बैंक खाते में ही किया जाता है। इस योजना का लाभ सभी सही पात्र लोगों को मिल सके इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।

डीएसडब्ल्यूओ ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिये टीकाकरण कार्ड, आधार कार्ड, बैंक/पोस्ट आफिस की पासबुक, शिशु का जन्म प्रमाण पत्र होना आवश्यक है। गर्भवती महिलाएं अपने निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आशा- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अथवा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुकन्या योजना (Mukhya Mantri sukanya yojna) के तहत छात्राओं को आच्छादित करते हुए अनुदान राशि का चेक दिया गया। जोबा मांझी एवं  कांके विधायक समरीलाल ने छात्राओं को सांकेतिक रुप से चेक दिया। योजना के तहत पूजा कुमारी, स्वाति कुमारी, श्वेता कुमारी, अनिशा कुमारी और अंजलि कुमारी को डमी चेक दिया गया।

जागरुकता सह पोषण संकल्प दिवस के शुभारंभ के दौरान अन्न प्रासन्न और गोद भराई का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।  मंत्री और  विधायक ने बच्चों का मुंहजुठ्ठी कराया। इस दौरान महिलाओं की गोद भराई भी की गयी।  जोबा मांझी ने महिलाओं को किट प्रदान किया और स्वस्थ बच्चे के जन्म को लेकर महिलाओं से अपनी सेहत का ख्याल रखने को कहा।

पोषण पखवाड़ा 2021 के तहत जिला को कुपोषण मुक्त बनाने और जन समुदाय की भागीदारी को लेकर जागरुकता रथ रवाना किया गया।  इस दौरान पोषण अभियान रैली को भी हरी झंडी दिखाई गयी। रैली के तहत सेविका/सहायिका घर-घर जाकर लोगों को पोषण के प्रति जागरुक करेंगी।

हर घर पोषण त्योहार के तहत लोगों को पोषण के प्रति जागरुक करने के लिए जिला समाज कल्याण द्वारा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है। मंत्री जी ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को बच्चों, किशोरों और महिलाओं को कुपोषण मुक्त, स्वस्थ और मजबूत करने की शपथ दिलायी।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More