उपायुक्त ने आयुष्मान भारत के प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का किया शुभारंभ

लोहरदगा: सदर अस्पताल परिसर के प्रांगण में उपायुक्त विनोद कुमार की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य कार्यक्रम का फीता काटकर शुभांरम्भ किया गया।

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से लाभुक को पांच लाख रूपये का निःशुल्क 1 वर्ष के लिए स्वास्थ्य बीमा किया जाएगा।उपायुक्त श्री कुमार ने कहा कि गोल्डन कार्ड के लिए 12 पैनल हॉस्पिटल को रखा गया है, कोई भी लाभुक अपने राशन कार्ड और आधार कार्ड के साथ जा कर अपना निबंधन करा सकता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से कोई भी परिवार के लोग न छुटे। इसके लिए सरकार ने आयुष्मान भारत से हेल्थ वेलनेस सेन्टर, उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथामिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में भी सुविधा उपलब्ध किया गया हैं। इस बीमा का लाभ झारखण्ड राज्य के साथ- साथ अन्य राज्य के निबंधित हॉस्पिटल में भी उठाया जा सकता है।
आयुष्मान भारत के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है। इस योजना को क्रांतिकारी अभियान का नाम दिया गया है। 23 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा यह कार्यक्रम का शुरूआत रांची में की गई है। उन्होंने संकल्प लिया है कि पूरे देश के साथ साथ झारखंड में निवास करने वाले गरीब परिवार के लोग पैसे के अभाव में इलाज से वंचित न रहे। इसी सोच के तहत देशभर में गरीबों के लिए पांच लाख रूपये का मुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू किया गया।
झारखंड के 57 लाख परिवारों को इस योजना का लाभ मिलेगा। अब किसी भी गरीब परिवार को बीमारी के इलाज पर एक रूपया खर्च नहीं करना होगा।झारखंड के कुल 68 लाख परिवारों में से 57 लाख गरीब परिवारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा। ऐसे परिवार जिनके पास राशन कार्ड है या वो राशन कार्ड की सूची में शामिल हैं।
परिवार के सदस्यों की संख्या के साथ उम्र की भी कोई सीमा नहीं है। परिवार के सभी सदस्यों को इस योजना का लाभ मिलेगा। आयुष्मान भारत के तहत रजिस्टर्ड किसी भी अस्पताल में मुफ्त इलाज की सुविधा किया गया है। रजिस्टर्ड कराने के लिए कोई भी हॉस्पिटल चाहे झारखंड में या राज्य के बाहर भी हो सकता है। प्रत्येक रजिस्टर्ड अस्पताल के बाहर आयुष्मान भारत का लोगो लगा हुआ रहेगा। सभी अस्पतालों के लिए अनिवार्य किया गया है। अस्पताल में भर्ती होने अर्थात अस्पतालीकरण की अवस्था में ही योजना का लाभ मिलेगा। राशन कार्ड नंबर या आधार नंबर के माध्यम से सूचीबद्ध अस्पतालों में लाभुकों का सत्यापन किया जाएगा। आधार कार्ड नहीं होने की स्थिति में सरकार द्वारा जारी कोई भी पहचान पत्र जैसे वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस इत्यादि मान्य होगा।
किसी भी कागजी कार्यवाई में एक भी रूपया खर्च नहीं करना होगा। इसमें सभी तरह की जांच और दवाइयां भी मुक्त है। इस योजना में किसी प्रकार का नामांकन नहीं होगा। कोई स्मार्ट कार्ड नहीं बनाए जाएंगे। अगर आपके पास राशन कार्ड है, तो आप बिना किसी कागजी कार्यवाई के योजना में शामिल हो चुके हैं। परिवार के जिन सदस्यों का नाम राशन कार्ड में नहीं है, वह राशन कार्ड में नाम दर्ज कराकर इस योजना का फायदा ले सकते हैं। पहले से हुई बीमारियों के इलाज के लिए बीमा कवर उपलब्ध है।
योजना अवधि में जन्म लिए नवजात शिशु स्वतः इस योजना से जुड़े जाएंगे। इसका मतलब यह है कि 5 लाख रूपए तक की स्वास्थ्य बीमा का लाभ परिवार के किसी एक सदस्य या सभी सदस्यों द्वारा एक बीमा अवधि में लिया जा सकता है। इस योजना में कुछ बीमारियों के इलाज को बाहर रखा गया है। जैसे- जन्मजात बाहृ रोग, कॉस्मेटिक सर्जरी, टीकाकरण, प्रजनन संबंधी उपचार इत्यादि।
संबंधित शिकायत ऑनलाइन पोर्टल पर, टॉल फ्री नंबर 14555 पर या जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति के पास दर्ज कराई जा सकती है। कार्यक्रम में 20 सूत्री जिला उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार, डीपीएम जया, डॉ0 शम्भु चौधरी, आकांक्षी पदाधिकारी वरूण वर्मा, चन्दशेखर अग्रवाल, सदर हॉस्पिटल के सभी डॉक्टर एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More