भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मरांडी ने मोहन भागवत को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

रांची: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत को उनके 75वें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। वसुधैव कुटुंबकम मंत्र को आत्मसात कर समाज में समरसता, बंधुत्व की भावना सशक्त करने तथा मां भारती की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले भागवत जी हम जैसे करोड़ों स्वयंसेवक बंधुओं के प्रेरणा स्रोत हैं। बाबा बैद्यनाथ से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”
https://twitter.com/yourBabulal/status/1965999917220114611/photo/1
उल्लेखनीय है कि डॉ. मोहन भागवत का जन्म 11 सितंबर 1950 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर में हुआ था। नागपुर विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्णकालिक प्रचारक के रूप में संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। वे 2009 में संघ के छठे सरसंघचालक बने। उनके नेतृत्व में संगठन ने सामाजिक समरसता, ग्राम विकास, शिक्षा, पर्यावरण और सेवा कार्यों में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।


