हजारीबाग में पुलिस का नाइट ऑपरेशन, रातभर चली छापेमारी में 17 फरार अपराधी और वारंटी गिरफ्तार

हजारीबाग पुलिस ने एसपी के निर्देश पर शनिवार-रविवार की रात जिलेभर में विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया। 28 विशेष टीमों और 91 पुलिसकर्मियों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 17 फरार अपराधियों एवं वारंटियों को गिरफ्तार किया।

हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ शनिवार-रविवार (18/19 जुलाई 2026) की रात विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य विभिन्न कांडों में फरार चल रहे अपराधियों, वारंटियों एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना था। जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में एक साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अभियान के लिए जिलेभर में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 28 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में लगभग 91 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। पूरी रात चले अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 17 फरार अपराधियों एवं वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई फरार अपराधी, वारंटी या संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्ति छिपा हुआ है या गिरफ्तारी के डर से फरार घूम रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल अपने निकटतम थाना को दें। पुलिस द्वारा सूचना का सत्यापन कर त्वरित एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More