PM मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले विक्रम साहू को धमकी, पाकिस्तान-बांग्लादेश से आ रहे डरावने कॉल
-1024x614.jpg)
PM Modi Jhalmuri Vendor Threat: पीएम मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले विक्रम साहू को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। विक्रम का कहना है कि कई दिनों से पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगातार डरावने फोन आ रहे हैं।
रातोंरात सुर्खियों में आ गए थे विक्रम साहू
पीएम के साथ वो कुछ मिनटों की मुलाकात विक्रम के लिए बड़ी पहचान लेकर आई। देखते-देखते वो पूरे देश में चर्चित हो गए और चुनाव भर उनकी चाय-पानी वाली दुकान की बात होती रही। मगर यही शोहरत अब उनके लिए सिरदर्द बन गई है। विक्रम डरे हुए हैं – कहते हैं कि फोन करने वाले कुछ भी कर सकते हैं, परिवार की चिंता सताती है।

पाकिस्तान से आ रहे हैं धमकी भरे कॉल
विक्रम ने बताया कि पाकिस्तान से फोन और वीडियो कॉल पर धमकियां आ रही हैं- बम से उड़ाने तक की बात कही जा रही है। वीडियो कॉल पर सामने वाले हथियार दिखाते हैं, खौफनाक इशारे करते हैं और कहते हैं कि अंजाम भुगतना पड़ेगा।
विक्रम ने कई कॉल काटे, लेकिन फोन रुका नहीं। गालियां, अपशब्द, और बीच-बीच में यह सवाल “अभी जिंदा हो या नहीं?” बांग्लादेश से भी इसी तरह के कॉल आ रहे हैं।
पुलिस सुरक्षा मिली विक्रम को
विक्रम साहू ने बताया कि व्हाट्सएप पर भी मैसेज आए जिनमें लिखा था कि बम धमाके में मार दिया जाएगा। विक्रम पूरी तरह डरे हुए हैं और परिवार की चिंता उन्हें रात को सोने नहीं देती। उनका कहना है कि धमकी देने वालों ने पीएम मोदी के साथ उनकी मुलाकात का सीधे तौर पर कोई जिक्र नहीं किया, लेकिन यह सब शुरू हुआ उसी दिन के बाद से जब से पीएम मोदी उनकी दुकान पर रुककर झालमुड़ी खाकर गए थे। अब उन्हें पुलिस सुरक्षा दे दी गई है।


