आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंककर दिल्ली भाग रहे थे आरोपी, चलती ट्रेन में ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
1-1024x614.jpeg)
कोडरमा: रांची स्थित आरएसएस कार्यालय परिसर में पेट्रोल बम फेंकने के मामले में पुलिस ने अभियान चलाकर बुधवार देर रात दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि आरोपी रांची-नई दिल्ली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से रांची से दिल्ली भाग रहे थे।
जानकारी मिलने के बाद रांची, बोकारो और कोडरमा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रेन में ही आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस टीम विभिन्न स्टेशनों से ट्रेन में सवार होकर अलग-अलग बोगियों में लगातार निगरानी करती रही। गयाजी जंक्शन पार करने के बाद रफीगंज के पास जनरल बोगी से दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
पूरे अभियान की मॉनिटरिंग रांची के सिटी एसपी स्वयं कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों युवकों को रफीगंज से उतारकर कोडरमा होते हुए रांची ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
अभियान में तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के अलावा रांची, बोकारो और कोडरमा जिले के पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।


