Pakur Neww: पर्वों को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित

पाकुड़: जिले में आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार 16 मार्च 2026 को जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी परिसरों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संबंधित थाना एवं ओपी क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा अखाड़ा समिति के सदस्य उपस्थित हुए।
बैठक के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से पर्वों के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही सभी सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार के धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीत या अश्लील गाने जुलूस या सार्वजनिक कार्यक्रमों में नहीं बजाए जाएं। अधिकारियों ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाले संदेश पोस्ट करने से पूरी तरह परहेज किया जाए। ऐसे संदेश समाज में तनाव पैदा कर सकते हैं, इसलिए सभी से जिम्मेदारीपूर्वक सोशल मीडिया का उपयोग करने का आग्रह किया गया।
जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए अखाड़ा समितियों को ड्रेस कोड के साथ स्वयंसेवक (वॉलेंटियर) रखने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करने और अनुशासन बनाए रखने में सहयोग मिल सके। इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी भी बैठक में उपस्थित लोगों को दी गई। अंत में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से अपील की कि ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण पर्वों को आपसी सहयोग, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं, ताकि जिले में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहे।


