Pakur News: जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा नवनियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न

पाकुड़ जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा नवनियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें विभागीय योजनाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुँचाना है।

पाकुड़: जिला समाज कल्याण विभाग, पाकुड़ द्वारा आज दिनांक 06 मई 2026 को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा की अध्यक्षता में नवनियुक्त महिला पर्यवेक्षिकाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकास ठाकुर (जिला बाल संरक्षण इकाई, पाकुड़),  बबली शर्मा (महिला पर्यवेक्षिका) एवं सुश्री टुसूमुनि मुर्मू (महिला पर्यवेक्षिका, हिरणपुर) की सक्रिय सहभागिता रही। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नवचयनित पर्यवेक्षिकाओं को विभागीय कार्यों, दायित्वों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समुचित जानकारी प्रदान करना था, ताकि वे अपने कार्यों का निर्वहन प्रभावी, संवेदनशील एवं उत्तरदायित्वपूर्ण तरीके से कर सकें।

महिला सशक्तिकरण की मजबूत कड़ी

कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को उनके चयन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिला पर्यवेक्षिकाएं समाज के सशक्तिकरण में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके माध्यम से ही सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचती हैं, जिससे समाज के समग्र विकास को गति मिलती है।

योजनाओं एवं कार्यप्रणाली पर विशेष प्रशिक्षण

प्रशिक्षण सत्र में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओ – जैसे महिला सशक्तिकरण, पोषण ट्रैकर (FRS/THR), सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना,सामाजिक कुरीति निवारण सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।इसके साथ ही कार्य निष्पादन की प्रक्रिया, अभिलेख संधारण, क्षेत्रीय समन्वय, निगरानी तंत्र एवं समुदाय से प्रभावी जुड़ाव के तरीकों पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंच सके।

प्रतिभागियों ने जताई संतुष्टि

प्रशिक्षण में शामिल महिला पर्यवेक्षिकाओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। उन्होंने विभागीय योजनाओं को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ जमीनी स्तर पर क्रियान्वित करने का संकल्प लिया।

शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती बसंती ग्लाडिस बाड़ा ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More