Pakur News: प्रज्ञा केंद्र संचालकों का दो दिवसीय विशेष तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को हुआ संपन्न

लिट्टीपाड़ा: प्रखंड के अंतर्गत झारखंड सरकार के सबकी योजना, सबका विकास अभियान को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। इस शिविर में मुख्य रूप से प्रज्ञा केंद्र संचालकों को सरकारी पोर्टलों के बेहतर और पारदर्शी संचालन के गुर सिखाए गए।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान लिट्टीपाड़ा और अमड़ापाड़ा प्रखंड के पंचायत शिफ्टेड प्रज्ञा केंद्र संचालकों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा डिजिटल और तकनीकी प्रणालियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही संचालकों को महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण जैसे जीपीडीपी, 16 वां वित्त आयोग, पंचायत निर्णय पोर्टल, ई-ग्रामस्वराज पोर्टल, ग्रामीण विकास कार्यों की ऑनलाइन प्रविष्टि और डिजिटल एंट्री के बारे में बताया गया।साथ ही समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने प्रज्ञा केंद्र संचालकों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में प्रज्ञा केंद्र एक मजबूत कड़ी हैं। सभी संचालक पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ ऑनलाइन एंट्री और डेटा प्रविष्टि का कार्य करें, ताकि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर हो सके।
प्रशिक्षण में भाग लेने वाले इस मौके पर प्रशिक्षण में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी कमल पहाड़िया, जिला प्रोजेक्ट प्रबंधक सह मास्टर ट्रेनर, प्रखंड प्रबंधक सह मास्टर ट्रेनर ओमप्रकाश मंडल, प्रखंड प्रबंधक सह मास्टर ट्रेनर रोशन अंसारी, अमड़ापाड़ा के प्रखंड प्रबंधक महेंद्र सोरेन, लिट्टीपाड़ा के प्रखंड प्रबंधक दीपक मंडल, ब्लॉक ऑपरेटर संजीव कुमार सहित दोनों प्रखंडों के सभी प्रज्ञा केंद्र संचालक मुख्य रूप से उपस्थित थे।


