Pakur News: बड़ासिंहपुर पंचायत में लगा राजस्व शिविर, जमीन संबंधी समस्याओं के समाधान को उमड़ी भीड़

पाकुड़: अंचल कार्यालय पाकुड़िया के तत्वावधान में बड़ासिंहपुर पंचायत में एक दिवसीय राजस्व शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की भूमि संबंधी समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्थानीय मुखिया कालेश्वर हेम्बरम एवं पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
महिलाओं और पुरुषों की रही भारी भागीदारी
शिविर की शुरुआत से ही स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। खास बात यह रही कि शिविर में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी जमीनी समस्याओं व दस्तावेजों के सुधार हेतु आवेदन दिए।
शिविर में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन रसीद निर्गमन की प्रक्रिया संचालित की गई। साथ ही भूमि से संबंधित शिकायतों के निष्पादन एवं अन्य राजस्व संबंधी कार्यों का भी निपटारा किया गया।
मौके पर उपस्थित मुखिया कालेश्वर हेम्बरम ने कहा कि राज्य सरकार और अंचल कार्यालय की यह पहल सराहनीय है। इससे ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं और पंचायत भवन में ही उनकी समस्याओं का समाधान हो रहा है।
पंचायत सचिव ने भी उपस्थित होकर सभी आवेदनों को सुव्यवस्थित तरीके से दर्ज कराया तथा ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति का काम लंबित नहीं रहने दिया जाएगा।


