मसलिया में गोलबंधा लैम्पस धान क्रय केंद्र का उद्घाटन, किसानों में खुशी

दुमका : मसलिया प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को गोलबंधा लैम्पस में धान क्रय केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। क्रय केंद्र का उद्घाटन ग्राम प्रधान राजीव हांसदा, प्रखंड प्रमुख वासुदेव टुडू एवं मुखिया मीनू मरांडी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही धान खरीद की प्रक्रिया भी शुरू हो गई। पहले ही दिन तीन किसानों ने अपना धान विक्रय कर सरकारी खरीद व्यवस्था पर भरोसा जताया।
उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे प्रखंड विकास पदाधिकारी अजफर हसनैन ने लैम्पस प्रभारी माणिक चंद्र दे से धान विक्रय की प्रक्रिया और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी सहकारिता पदाधिकारी धीरज कुमार साहू ने बताया कि किसानों को सबसे पहले निबंधन कराना अनिवार्य होगा। निबंधन के बाद किसानों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर धान खरीद से संबंधित मैसेज प्राप्त होगा। निर्धारित मानक के अनुसार एक एकड़ खेती के लिए 16 क्विंटल धान की बिक्री की जा सकेगी।
बीडीओ ने बताया कि धान क्रय केंद्र खुलने से अब किसानों को बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और न ही उन्हें औने-पौने दामों पर धान बेचने की मजबूरी होगी। किसान सीधे लैम्पस में निबंधन कराकर अपना धान बेच सकेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि धान बिक्री के एक सप्ताह के भीतर पूरी राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खाते में भेज दी जाएगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मोबाइल पर मैसेज प्राप्त होने के बाद ही धान बिक्री की अनुमति दी जाएगी। कार्यक्रम में झामुमो जिला सचिव निशित वरण गोलदार, असित वरण गोलदार, जयप्रकाश दास, मोहन मंडल, अजित मंडल, पिंकू साह, ललित दे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और किसान उपस्थित थे। धान क्रय केंद्र खुलने से क्षेत्र के किसानों में उचित मूल्य मिलने की उम्मीद जगी है और सरकारी खरीद व्यवस्था को लेकर उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।


